गरीबों के राशन की कालाबाजारी की आशंका, सड़क पर बिखरे चावल से खुली पोल
By Sushil Sharma•7 जुलाई 2026 को 9:11 am बजे•1 min read

sushil sharma
हापुड़। सरकार गरीब परिवारों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराकर उनकी खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन राशन की कालाबाजारी पर लगाम नहीं लग पा रही है। मंगलवार को शहर में एक रिक्शे पर बड़ी मात्रा में राशन जैसा प्रतीत होने वाला चावल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एक कट्टा फटने से चावल सड़क पर बिखर गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों को मामले पर संदेह हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर बिखरे चावल को देखकर लोगों ने रिक्शा चालक से पूछा कि वह यह चावल कहां लेकर जा रहा है। लोगों का दावा है कि चावल सरकारी राशन वितरण में मिलने वाले चावल जैसा दिखाई दे रहा था। पूछताछ के दौरान युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे मौके पर मौजूद लोगों का संदेह और बढ़ गया।

स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी और रिक्शे को मौके पर ही रोक लिया। लोगों का कहना था कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर चावल की जांच करें और यदि यह सरकारी राशन है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

इसी बीच अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बताया जाता है कि चावल से भरा रिक्शा मौके से चला गया। इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे जहां रिक्शा मौजूद नहीं मिला।

क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। यदि बरामद चावल सरकारी राशन का पाया जाता है तो यह गरीबों के हक पर डाका डालने जैसा मामला माना जाएगा।

संबंधित ख़बरें

श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ दिलाएं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम
sushil sharma
14 मिनट पहले

बारिश के पानी की छींट पड़ने पर पुजारी को सड़क पर पीटा, घटना का वीडियो वायरल
sushil sharma
18 मिनट पहले

AIIEA के 75 वर्ष पूरे होने पर LIC हापुड़ में लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 80 लोगों ने कराई जांच
sushil sharma
27 मिनट पहले

20 मिनट की बारिश में डूबा शहर, लाखों की नाला सफाई पर फिरा पानी
sushil sharma
42 मिनट पहले
