हापुड़ में दर्दनाक हादसा: ईयरफोन लगाकर ट्रैक पर बैठा युवक ट्रेन की चपेट में आया
By Sushil Sharma••3 min read

हापुड़ में चैनापुरी फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर गाने सुन रहे 35 वर्षीय युवक प्रदीप की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

हापुड़। हापुड़ शहर में रविवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में 35 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रेलवे ट्रैक पर बैठकर कानों में ईयरफोन लगाकर मोबाइल फोन पर गाने सुन रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6:40 बजे थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के चैनापुरी फाटक के पास रेलवे पिलर संख्या 60/5 और 60/6 के बीच एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त प्रदीप (35) पुत्र स्वर्गीय प्रेम सिंह, निवासी मोहल्ला शिवचरणपुरा, मीनाक्षी रोड, थाना हापुड़ देहात के रूप में कराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदीप रेलवे ट्रैक पर बैठा हुआ था और उसके कानों में ईयरफोन लगे हुए थे। वह मोबाइल फोन पर गाने सुनने में इतना मशगूल था कि उसे सामने से आ रही ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी। देखते ही देखते ट्रेन उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। अपने बेटे और परिवार के सदस्य का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल का माहौल गमगीन हो गया और आसपास मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

थाना हापुड़ देहात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक के आसपास कभी भी लापरवाही न बरतें। विशेष रूप से ट्रैक पार करते समय या उसके पास बैठते समय मोबाइल फोन और ईयरफोन का उपयोग जानलेवा साबित हो सकता है। थोड़ी सी असावधानी किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है।

Man Listening to Music on Earphones Killed by Train While Sitting on Railway Track in Hapur
Hapur: A 35-year-old man lost his life in a tragic railway accident in Hapur on Sunday morning after being hit by a moving train while reportedly sitting on the railway track and listening to music through earphones. The incident took place near Chainapuri railway crossing under Hapur Dehat police station limits, leaving the victim's family devastated.

According to police, the accident occurred around 6:40 AM between Railway Pillars No. 60/5 and 60/6 near Chainapuri crossing. The deceased was identified as Pradeep (35), son of Late Prem Singh, a resident of Shivcharanpura, Meenakshi Road, Hapur Dehat.

Eyewitnesses said Pradeep was sitting on the railway track with earphones plugged into his ears and was listening to songs on his mobile phone. Due to the loud music, he allegedly failed to notice the approaching train and was run over before he could react. He died on the spot.

Upon receiving information, Hapur Dehat police reached the scene and initiated legal formalities. The victim's family members also arrived at the spot, where scenes of grief unfolded. Police conducted the inquest proceedings and sent the body for post-mortem examination.

Officials have appealed to the public to avoid using earphones or mobile phones near railway tracks, warning that such negligence can prove fatal. The police are continuing their investigation into the incident.





