देवशयनी एकादशी 25 जुलाई को, ब्रह्म और ऐन्द्र योग में होगा दुर्लभ संयोग
By Sushil Sharma••5 min read

Sushil Sharma
हापुड़। आषाढ़ शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी इस वर्ष 25 जुलाई, शनिवार को ब्रह्म एवं ऐन्द्र योग के शुभ संयोग में मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीहरि विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और यहीं से चार माह तक चलने वाले चातुर्मास का शुभारंभ होता है। इस अवधि में विवाह सहित सभी मांगलिक कार्य स्थगित रहते हैं तथा साधना, जप, तप, दान और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व माना जाता है।

देवलोक कॉलोनी स्थित श्री ज्योतिष कार्यालय के ज्योतिर्विद एवं कर्मकांड विशेषज्ञ पंडित सुबोध पाण्डेय ने बताया कि ज्योतिषीय गणना और पंचांग के अनुसार एकादशी तिथि 24 जुलाई 2026 को प्रातः 9:13 बजे प्रारंभ होकर 25 जुलाई को प्रातः 11:34 बजे तक रहेगी। उदयातिथि के आधार पर देवशयनी एकादशी का व्रत 25 जुलाई, शनिवार को ही शास्त्रसम्मत रहेगा। वहीं व्रत का पारण 26 जुलाई, रविवार को प्रातः लगभग 9:30 बजे तक करना शुभ रहेगा।

उन्होंने बताया कि सनातन धर्म में देवशयनी एकादशी का विशेष महत्व है। पुराणों के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा में प्रवेश करते हैं और सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। यही कारण है कि इस तिथि से प्रारंभ होने वाले चातुर्मास में धार्मिक अनुष्ठान, व्रत, यज्ञ, हवन, दान, जप और तप करने से विशेष पुण्यफल की प्राप्ति होती है।

पंडित सुबोध पाण्डेय ने बताया कि श्रद्धालुओं को व्रत से एक दिन पूर्व अर्थात दशमी तिथि पर सात्विक भोजन करना चाहिए तथा रात्रि में संयम का पालन करना चाहिए। एकादशी के दिन प्रातःकाल स्नान कर भगवान विष्णु का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें। इसके बाद श्रीहरि विष्णु का विधि-विधान से पूजन करें तथा तुलसी दल, पीले पुष्प, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित करें। दिनभर यथाशक्ति उपवास रखें और भगवान विष्णु के नाम का स्मरण करते हुए भजन-कीर्तन करें।

उन्होंने बताया कि इस दिन 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः' मंत्र का तुलसी की माला से कम से कम 108 बार जप करना अत्यंत शुभ माना गया है। इसके साथ ही विष्णु सहस्रनाम का पाठ अथवा देवशयनी एकादशी व्रत कथा का श्रवण एवं पाठ करने से विशेष फल प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि द्वादशी तिथि पर पारण से पूर्व अन्न, वस्त्र अथवा सामर्थ्य अनुसार दान करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। इस दिन क्रोध, असत्य, तामसिक भोजन और अनावश्यक विलासिता से दूर रहकर सात्विक जीवन अपनाने का संदेश भी धर्मग्रंथों में दिया गया है।

ज्योतिर्विद ने बताया कि इस वर्ष चातुर्मास 20 नवंबर, शुक्रवार को देवठान (प्रबोधिनी) एकादशी तक रहेगा। इसी दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागृत होंगे और इसके साथ ही विवाह सहित सभी मांगलिक कार्य पुनः प्रारंभ हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि शास्त्रों में चातुर्मास के दौरान खान-पान को लेकर भी विशेष नियम बताए गए हैं। इनके अनुसार सावन में साग, भाद्रपद में दही, आश्विन में दूध तथा कार्तिक मास में मट्ठा (छाछ) के सेवन से यथासंभव परहेज करने की सलाह दी गई है। इन नियमों का पालन करने से धार्मिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभ प्राप्त होने की मान्यता है।

पंडित सुबोध पाण्डेय ने श्रद्धालुओं से देवशयनी एकादशी पर श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान से भगवान विष्णु का पूजन कर धर्म, संयम और सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और नियमपूर्वक किया गया यह व्रत सुख, समृद्धि, आरोग्य और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है।

Devshayani Ekadashi on July 25: Rare Brahma and Aindra Yoga Makes the Occasion Spiritually Significant
Hapur: Devshayani Ekadashi, observed during the Shukla Paksha of Ashadha, will be celebrated on Saturday, July 25, 2026, under the auspicious combination of Brahma Yoga and Aindra Yoga. According to Hindu scriptures, Lord Vishnu enters Yoga Nidra (divine cosmic sleep) on this day, marking the beginning of the sacred Chaturmas, a four-month period dedicated to spiritual practices, penance, charity, and devotion.

Renowned astrologer and Vedic priest Pt. Subodh Pandey, from Shri Jyotish Karyalaya, Devalok Colony, Hapur, stated that according to the Hindu Panchang, Ekadashi Tithi begins at 9:13 AM on July 24 and ends at 11:34 AM on July 25. Since the Ekadashi prevails at sunrise, the fast should be observed on July 25, while Parana (breaking the fast) should be performed on Sunday, July 26, preferably before 9:30 AM.

He explained that Devshayani Ekadashi holds immense religious significance as Lord Vishnu is believed to enter cosmic sleep in Kshir Sagar, while Lord Shiva oversees the cosmic order during Chaturmas. Consequently, auspicious ceremonies such as marriages are traditionally suspended during this period, whereas worship, meditation, chanting, charity, yajnas, and other spiritual activities are considered highly rewarding.

Pandey advised devotees to consume only satvik food on Dashami, observe self-discipline, and take a formal vow of fasting after an early morning bath on Ekadashi. Devotees should worship Lord Vishnu with Tulsi leaves, yellow flowers, incense, lamps, and offerings, while chanting "Om Namo Bhagavate Vasudevaya Namah" at least 108 times using a Tulsi rosary. Reciting Vishnu Sahasranama or the Devshayani Ekadashi Vrat Katha is also considered highly auspicious.

He further said that devotees should break their fast on Dwadashi after offering food or charity according to their capacity. Avoiding anger, falsehood, tamasic food, and unnecessary indulgence during Chaturmas is believed to enhance spiritual growth.

According to him, Chaturmas will continue until Devuthani (Prabodhini) Ekadashi on November 20, 2026, when Lord Vishnu is believed to awaken, and auspicious ceremonies, including marriages, will resume.

Pandey also highlighted the traditional dietary observances during Chaturmas, advising devotees to avoid leafy vegetables in Shravan, curd in Bhadrapada, milk in Ashwin, and buttermilk in Kartik, as prescribed in Hindu scriptures. He emphasized that sincere observance of Devshayani Ekadashi with devotion and discipline is believed to bring peace, prosperity, good health, and divine blessings.





