जनपद हापुड़ में अर्जुननगर में दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर रात में दो घंटे तक हंगामा हुआ। तीन दिन तक यहां सप्लाई बाधित रही। इसके विरोध में लोगों में रोष बढ़ गया। 72 घंटे बाद सुबह पांच बजे सप्लाई चालू हो सकी। वहीं, दिल्ली रोड बिजलीघर के फीडर छह से जुडे 12 मोहल्लों में तीसरे दिन भी चार घंटे आपूर्ति बाधित रही।
अर्जुननगर में 400 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर तीन दिन पहले फुंक गया था। मंगलवार रात में इसे बदला गया जो कुछ ही देर बाद फिर फुंक गया। ओवर लोडिंग को खत्म करने के लिए यहां 160 केवी क्षमता का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की तैयारी की गई। लेकिन प्लॉट मालिक ने विरोध कर दिया। बुधवार रात में दो घंटे खूब हंगामा हुआ।
रात करीब दस बजे जेई और एसडीओ द्वारा लिखित में आश्वासन दिया गया कि एक महीने के बाद ट्रांसफार्मर को यहां से हटा लिया जाएगा। इस पर प्लॉट मालिक आश्वस्त हुए। रातभर ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य किया गया, रातभर बिजली न होने से लोगो को परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब सुबह पांच बजे जाकर सप्लाई चालू हो सकी। सप्लाई चालू होने के बाद लोगों को राहत की सांस मिल सकी।
उधर, दिल्ली रोड बिजलीघर के फीडर नंबर छह से जुड़े इलाकों में तीसरे दिन भी बिजली का संकट रहा। बिजलीघर में रिले ठीक करने का कार्य हुए, ऐसे में सुबह दस से दोपहर दो बजे तक फीडर को बंद रखा गया। ऐसे में लोगो को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। साथ ही घर की समस्याओं से जूझना पड़ा।
अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने बताया की फीडर नंबर छह रिले खराब होने के कारण प्रभावित था। जिसे अब ठीक करा दिया गया है, इसी कारण चार घंटे इन इलाकों की सप्लाई बाधित रही थी। अब इन मोहल्लों के लोगों को परेशानी नहीं होगी।