हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला भगवानपुरी निवासी मोनिका शर्मा को दहेज में कार व दस लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने पिटाई कर घर से निकाल दिया। आरोपियों ने विवाहिता की दो पुत्रियों को भी उनसे छीन लिया। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोनिका शर्मा ने बताया कि 29 अप्रैल 2017 को उनकी शादी कपिल शर्मा निवासी मोहल्ला भगवानपुरी के साथ हुई थी। मायके वालों ने उनकी शादी में 22 लाख रुपये खर्च किए थे। लेकिन शादी में दिए गए दान दहेज से पति कपिल शर्मा, ससुर देवकीनंदन शर्मा, सास व ननद कोमल शर्मा खुश नहीं थे।
शादी के बाद से ही दहेज में कार व दस लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर आरोपी उत्पीड़न करने लगे थे। मांग पूरी न होने पर गाली-गलौज व मारपीट शुरू हो गईं। उन्होंने कई बार आरोपियों को समझाने का प्रयास भी किया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग नहीं माने थे। और उनकी प्रताड़ना बढ़ती गई।
उन्होंने दो पुत्रियों को जन्म दिया था। आरोपी दहेज की मांग पर उन्हें दो पुत्रियां होने का भी ताना देने लगे थे। विरोध करने पर आरोपी उनके साथ मारपीट किया करते थे। पांच मार्च को आरोपियों ने पिटाई कर उन्हें घर से निकाल कर उनकी दोनों पुत्रियों को भी छीन लिया था। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर पति कपिल शर्मा, ससुर देवकीनंदन शर्मा, सास व ननद कोमल शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।