हापुड़ के मौसम में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। बुधवार को चटक धूप खिली, दोपहर में तेज हवाएं चली, हवा की रफ्तार बढ़ने से तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अगले सप्ताह मौसम में बदलाव होने का अनुमान है।
फरवरी की शुरुआत से ही मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पिछले सप्ताह तेज हवा के कारण सड़कों पर धूल उड़ती रही। लेकिन पिछले तीन दिनों से हवा की रफ्तार कम होने से तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंच गया था।
बुधवार को सुबह से ही चटक धूप खिली रही, सूरज की तपिश ने लोगों को गर्मी का अहसास कराया। लेकिन दोपहर में मौसम ने करवट बदली और तेज हवाएं चलने लगी। धूप में भी सर्द हवाओं का असर दिखने लगा। इसके कारण अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम हो गया। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि दो-तीन दिन तेज रफ्तार पछुवा हवा चलेगी, इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि अगले सप्ताह से मौसम में बदलाव के साथ बूंदाबांदी का भी अनुमान है।