हापुड़ में पिछले कई दिन से तेज धूप के कारण लोगों का गर्मी से बुरा हाल था। लेकिन बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर बारिश भी हुई, लोगो को गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिन बारिश का अनुमान है।
मौसम के तेवर पिछले कई दिनों से तल्ख थे। दिन निकलते ही सूर्य देव अपना असर दिखाना शुरू कर देते थे, चटक धूप के कारण दिनभर लोगों का गर्मी से बुरा हाल हो रहा था। लेकिन बुधवार को हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिला दी। दिन निकलने की आसमान में बादल छा गए और सूर्य देव के दर्शन नहीं हो सके। दोपहर 12 बजे के बाद 20 मिनट तक बारिश होती रही, जिससे बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया।
बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि मंगलवार के मुकाबले सात डिग्री कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री गिरावट के बाद 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि बृहस्पतिवार से तापमान में बढ़ोतरी मिल सकती है। अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना है।