हापुड़। यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन निगम द्वारा जल्द ही ग्रामीण रुटों पर रोडवेज बसों का संचालन शुरु किया जाएगा, जिससे यात्रियों का सफर आसान होगा। इसके लिए शासन से अगले माह दस मिनी रोडवेज बसें मिलने की उम्मीद है। वहीं डिपो को पांच ओर नई बसें मिली हैं, बसों की संख्या बढ़ने से होली पर घर लौटने वाले यात्रियों को परेशानी से नहीं जूझना पड़ेगा।
परिवहन निगम ग्रामीण रुटों पर भी बसों का संचालन कर ग्रामीणों को बस सेवा से जोडने की तैयारी में हैं। इसके लिए पिछले वर्ष जिले के पांच ग्रामीण रुटों पर सर्वे कर शासन को भी प्रस्ताव भेजा जा चुका है। यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए परिवहन निगम द्वारा बसों की किल्लत दूर करने के लिए रोडवेज डिपो को इस माह दस बसें मिली थी। इसके बाद अब पांच ओर रोडवेज बसें डिपो को मिली है। नई बसें मिलने से यात्रियों को राहत मिलेगी।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह का कहना है कि डिपो में चार बसें अपनी समय सीमा पूरी कर चुकी है, जिसके बाद उनका संचालन बंद हो गया है। निगम से इस माह 15 नई बसें मिली हैं, जिसके बाद संख्या बढ़कर 140 हो गई है।