हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के आनंद विहार में स्थित विद्युत केंद्र में भीषण गर्मी को देखते हुए ट्रांसफॉर्मर को ठंडा करने के लिए कूलर लगवाया गया है। हापुड़ में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान का असर ट्रांसफॉर्मरों पर पड़ रहा है।
पहले से ओवरलोड ट्रांसफॉर्मर गर्मी और तीखी धूप की गर्मी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। इसके चलते शहरी क्षेत्र में दिन में ट्रिपिंग हो रही है। ट्रिपिंग की ये समस्या बीते कई दिनों से बनी हुई है। ट्रांसफॉर्मरों को हीटिंग से बचाने के लिए कूलर की ठंडी हवा दी जा रही है।
बिजली विभाग के अधिकारियों की माने तो ट्रांसफॉर्मर गरम न हो और निर्बाध बिजली आपूर्ति हो इसके लिए ट्रांसफॉर्मर को ठंडा रखने के लिए बड़ा कूलर लगाया गया है। इसी तरह से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही ट्रांसफॉर्मर को ओवरहीट से बचाने के लिए अर्थिंग में पानी डाला जा रहा है।