हापुड़। भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान में आतंकियों के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बीजेपी पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाल रही है। 13 मई से यह यात्रा अभियान की शुरूआत हुई है। इसी क्रम में शुक्रवार को शहर में भी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
तिरंगा यात्रा शुक्रवार की शाम 5 बजे से फ्रीगंज मोड़ रेलवे रोड से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए अटल पार्क पर समाप्त होगी। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपाई समेत कई संगठनो के लोग और जनपदवासी जुटेंगे और हाथों में तिरंगा लेकर सेना के सम्मान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश तोमर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर 13 मई से 23 मई तक राष्ट्रव्यापी तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया।
तिरंगा यात्रा के द्वारा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता इस अभियान के जरिए जनता को बताएंगे कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत में कैसे अपने नागरिकों को संकट से सुरक्षित निकाला और राष्ट्रीय स्वाभिमान को मजबूत किया। बताएंगे कि किस प्रकार से मोदी सरकार ने कूटनीतिक सफलता को प्राप्त करते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया और दुश्मन को कितना नुकसान पहुंचाया।