जनपद हापुड़ के ब्रजघाट में बसंत पंचमी पर्व पर गंगानगरी ब्रजघाट के साथ ही पुष्पावती पूठ और लठीरा के तट पर 50 हजार के आसपास भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई। गंगानगरी ब्रजघाट पर मंदिरों में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की। इसके अलावा विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा कर पीले पकवान का भोग भी लोग लगाया गया।
वसंत पंचमी पर्व को मां सरस्वती की पूजा का विशेष पर्व माना जाता है, जो वसंत के आगमन का भी सूचक है। इस पर्व पर दिल्ली, हरियाणा के अलावा आसपास के जनपदों और स्थानीय लोगों ने ब्रजघाट के साथ ही दोनों गांवों के गंगा तट पर पहुंच कर गंगा स्नान किया। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में पवित्र स्नान कर पुण्य अर्जित किया और माँ सरस्वती की आराधना की।
महाकुंभ में हुई भगदड़ के बाद रविवार को वसंत पंचमी पर गंगानगरी में भी पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा। गंगा के मुख्य स्नानघाट, बाजार और हाईवे पर भी पुलिस टीम तैनात रही। वहीं गंगा तट पर सादा वर्दी में भी महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।
गंगा सभा आरती समिति के सदस्य भी समय-समय पर लाउडस्पीकर के माध्यम से भक्तों से गहरे जल में न जाने का आग्रह करते रहे। गंगा स्नान के बाद भक्त ब्रजघाट के मंदिरों में पहुंचे और भगवान का पूजन कर सभी की खुशहाली की कामना की।