हापुड़। भीषण गर्मी में देहात अंचल के नलकूप फीडरों को अब सिर्फ नौ घंटे सप्लाई मिलेगी। इन्हें दो शिफ्ट में आपूर्ति दी जाएगी, जिसका सप्लाई कोड मिल गया है। साथ ही ग्रामीण अंचल में आवासीय इलाकों को दिनभर में 18 घंटे आपूर्ति मिलेगी, जबकि छह घंटे कटौती रहेगी। तहसील और नगर पंचायत स्तर पर ढाई घंटे का पावर कट लगेगा। शहर, देहात में लगे ट्रांसफार्मरों की निगरानी बढ़ा दी गई है। बिजलीघरों के ट्रांसफार्मरों की विशेष निगरानी रहेगी। इनके फुंकने पर अफसरों पर कार्यवाही होगी।
जिले का तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंचते ही बिजली की खपत में 30 फीसदी तक इजाफा हुआ है। गर्मी में लोगों को सप्लाई देने और संसाधनों को सुरक्षित रखने के लिए सप्लाई कोड तैयार किया गया है। जिसे जिले के तीनों डिवीजन में लागू कर दिया गया है।
तहसील स्तर पर सुबह सात से आठ के बीच और शाम को सवा तीन से 4:45 बजे तक कटौती होगी। नगर पंचायत स्तर पर बिजली की कटौती सुबह 6:05 से 7:35 और शाम को साढ़े चार से साढ़े पांच बजे तक रहेगी। दोनों ही स्तर पर रात को बिजली की कटौती नहीं होगी। इन क्षेत्रों में सिर्फ ढाई घंटे का पावर कट लगेगा।
जबकि देहात अंचल में सुबह पौने सात से सुबह 9:55 तक और शाम को 01:05 से 3:55 तक सप्लाई बाधित रहेगी। सुबह और शाम मिलाकर कुल छह घंटे की कटौती होगी। नलकूप फीडरों को घंटे की आपूर्ति तड़के चार से सुबह 11 बजे तक मिलेगी, दूसरी शिफ्ट में आपूर्ति शाम चार से छह बजे तक मिलेगी। पूरे दिन में नलकूपों के लिए 9 घंटे आपूर्ति का कोड जारी हुआ है। रात में नलकूपों को सप्लाई नहीं मिलेगी। जबकि पहले दस घंटे सप्लाई का प्रावधान था।
अधिशासी अभियंता आरपी वर्मा- ने बताया की कंट्रोल से सप्लाई कोड बिजलीघरों को मिला है, उसके अनुसार क्षेत्र में सप्लाई दी जा रही है। लोकल स्तर पर कोई कटौती नहीं की जा रही है। शहर, देहात को निर्बाध आपूर्ति दी जा रही है।