हापुड़। गर्मी का सितम तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को चिलचिलाती धूप ने लोगों को खूब परेशान किया। गर्म हवाओं के चलने से लोग बेहाल हो गए। अधिकतम तापमान भी तीन डिग्री बढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह तापमान में बढ़ोतरी होगी और लू के थपेड़े भी सताएंगे। सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
मई माह की शुरुआत बारिश के साथ हुई। माह के प्रथम सप्ताह में रोजाना मौसम करवट बदलता रहा और बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट होने के साथ साथ ही गर्मी से थोड़ी राहत मिली। लेकिन अब दोबारा से तापमान बढ़ने लगा है और सूरज की तपिश भी तेज होने लगी है। जिससे दिन के साथ ही रात में भी गर्मी से लोग बेहाल हो रहे हैं।
गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार सुबह से ही मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। सुबह 10 बजे के बाद से ही चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। गर्मी की वजह से दोपहर में सड़कों व बाजारों में चहल-पहल कम रही। लोग दोपहर में घर से निकलने में बच रहे हैं।
जरूरी कार्यों के लिए घरों से निकले लोग धूप से बचने के लिए सिर को कपड़े से ढककर निकले। वहीं, दिनभर गर्म हवाओं ने भी लोगों को परेशान किया। दोपहर के समय गर्मी के कारण सड़कें सूनी हो गईं और बाजारों में भी सन्नाटा छा गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा जो शनिवार के मुकाबले तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। इस सप्ताह तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच जाएगी। इसके साथ ही लू के थपेड़े भी लोगों को बेहाल करेंगे।