हापुड़। प्रचंड गर्मी शुरू हो गई है। इन दिनों दोपहर में झुलसाने वाली गर्म हवाएं चल रही हैं। तेज धूप और गर्म हवाएं प्रचंड गर्मी का एहसास करा रही हैं। मंगलवार को चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार से अगले कुछ दिनों तक तापमान 40 डिग्री रहने का अनुमान है।
गर्मी ने प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने पहले ही भीषण गर्मी व लू के लिए अलर्ट जारी किया था। मंगलवार सुबह से ही धूप निकली और दिन चढ़ने के साथ ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा। दोपहर को 14 किलोमीटर-प्रतिघंटे की रफ्तार से गर्म हवा चलती रही, जिसके कारण दोपहिया वाहन चालकों के साथ ही पैदल चलने वाले लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया।
चिलचिलाती धूप व गर्मी से लोग बेहाल होने लगे हैं। लू की लहर से बचने के लिए लोग दोपहर को बाहर कम ही निकल रहे हैं। इस कारण शहर की सड़कें भी दोपहर में सूनी हो जा रही हैं।
अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज कियागया। दोपहर 2 से 4 बजे तक बाजारों में सन्नाटा रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि बृहस्पतिवार से गर्मी ओर बढ़ सकती है, जिससे तापमान भी बढ़ेगा। इसके साथ ही लू के थपेड़े लोगों को परेशान करेंगे।