हापुड़। मौसम में बदलाव के साथ ही दुकानों और शोरूम में सूती कपड़ों की मांग बढ़ गई है। महिलाएं, बच्चे और युवा सभी बदलते मौसम के अनुसार कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। महिलाओं को जहां डिजाइनर कुर्तियां व सूट लुभा रहे हैं, वहीं पुरुष कॉटन शर्ट और टी-शर्ट को तवज्जो दे रहे हैं।
वैसे तो लोगों को सूती कपड़े हमेशा से ही आरामदायक लगते हैं, लेकिन गर्मी के मौसम में सूती कपड़ों की मांग काफी बढ़ जाती है। इसकी वजह यह है कि सूती कपड़े हवादार और हल्के होते हैं, जिससे गर्मी में आराम मिलता है। वे पसीना सोखने में भी मदद करते हैं, जिससे त्वचा पर पसीने के कारण होने वाली जलन कम हो जाती है। इसलिए सूती कपड़े लोगों को अधिक पसंद आ रहे हैं।
गर्मी के मौसम में शहर के गोल मार्केट, रेलवे रोड, कोठी गेट सहित सभी प्रमुख बाजारों की दुकानें सूती कपड़ों से सज गई हैं। कपड़ा व्यापारियों ने खरीदारों को लुभाने के लिए तरह-तरह के सेल के विकल्प भी रखे हैं। बाजार में 250 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक है।
नौकरी पेशा महिलाओं के साथ ही स्कूली छात्राएं और गृहणी खरीदारी के लिए बाजारों को रुख कर रही हैं। दुकानों के साथ ही ब्रांडेड शोरूमों पर भी नए-नए डिजाइन में अलग-अलग रंग की कुर्तियां सज गई हैं।
कोठी गेट स्थित साथी क्लॉथ हाऊस के संचालन शाकिब ने बताया कि गर्मी के मौसम में महिलाओं के लिए कुर्तियां, ट्राउजर और फ्रॉक सूट की अधिक मांग है।इसके साथ ही लखनवी चिकनकारी कुर्तियां भी खरीदी जा रही हैं। वहीं, बच्चों नाजुक त्वचा के लिए भी अभिभावक सूती कपड़े ही खरीदना पसंद कर रहे हैं।