हापुड़ के मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखाई दे रहा है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ मौसम में गर्माहट बढ़ने लगी है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह तापमान में बढ़ोतरी होगी साथ ही बादलों की आवाजाही का अनुमान है।
मौसम तेजी से बदल रहा है। पिछले सप्ताह हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम ठंडा हो गया था। लेकिन अब मौसम का मिजाज फिर से गर्म होने लगा है। मंगलवार सुबह से लेकर शाम तक मौसम साफ रहा और धूप भी खिली रही। जिससे दिन में गर्मी का एहसास हुआ और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं दिन की तपिश के साथ ही रात में भी गर्मी का असर बढ़ा, जिससे न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि इस सप्ताह बादलों की लुकाछिपी जारी रहेगी। हालांकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।