हापुड़। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच तापमान 39 डिग्री पहुंच गया। तेज धूप के साथ चल रही गर्म हवाओं से लोग बेहाल हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। प्रशासन ने भी लू से बचाव के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
पिछले तीन दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान स्थिर बना हुआ है। लेकिन अब जिले में प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। सूरज के तल्ख तेवर और मरुस्थल क्षेत्रों से आ रही गर्म हवाओं के कारण गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। बुधवार को सुबह से ही गर्मी का कहर जारी रहा।
दिनभर 11 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलती रही। भीषण गर्मी के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है। जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे खुद को गर्मी से बचाते हुए अपना काम कर रहे हैं। जल्द ही तापमान 42 डिग्री को छू लेगा और अगले कुछ दिनों में लू भी चलने लगेगी।
मौसम वैज्ञानिक डॉ अशोक कुमार का कहना है कि राजस्थान के रेगिस्तान क्षेत्र से तेज गर्म हवाएं जिले में प्रवेश कर रही हैं। जिस कारण गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।