हापुड़। गांव के यात्रियों की सुविधा के लिए निगम जिले में अब छोटी बसें भी चलाएगा। यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए परिवहन निगम से जल्द ही हापुड़ रोडवेज डिपो को 10 नई मिनी बसें मिलेंगी, जिनका संचालन पांच नए ग्रामीण मागों पर किया जाएगा। इसके लिए निगम के अधिकारियों की ओर से सर्वे किया जा चुका है।
हापुड़ रोडवेज डिपो से लखनऊ, बरेली, दिल्ली, मोदीनगर, किठौर सहित विभिन्न मार्गों पर 132 बसों का संचालन होता है। लेकिन शहर के अनेक गांव आज भी बस सेवा से वंचित है। ग्रामीण मागों को शहर से जोड़ने के लिए परिवहन निगम के अधिकारियों ने पिछले माह सर्वे कर शासन को प्रस्ताव भेजा था।
सड़कें संकरी होने के कारण मिनी बसों का संचालन किया जाना है। ग्रामीण रूटों पर यात्रा सुगम होने वाली है। ग्रामीणों को शहर आने के में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। निगम से इस माह 10 मिनी बसें मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद हापुड़-झंडा मुशर्रफपुर, हापुड़ मतनौरा, हापुड़-नली हुसैनपुर, हापुड़-सपनावत और हापुड़-फगौता मार्ग पर बस संचालन होगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह का कहना है कि परिवहन निगम द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है।