हापुड़ के मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। सोमवार को हवा की रफ्तार बढ़ने के साथ तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री बढ़कर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह तेज हवा लोगों को परेशान करेगी, इसके बाद गर्मी का असर भी बढ़ेगा।
मौसम तेजी से बदल रहा है और गर्मी ने अपनी दस्तक दे दी है। सोमवार सुबह से ही चटक धूप खिली रही, जिससे सूरज की तपिश ने लोगों को गर्मी का एहसास कराया। दिन में आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली, लेकिन तेज धूप के सामने हवा का ज्यादा असर नहीं दिखाई दिया। दोपहर को सूरज की तपिश ने अधिक परेशान किया।
तेज हवाओं के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी महसूस हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि ग्लोबल वार्मिंग के चलते प्रत्येक मौसम पर प्रभाव पड़ रहा है। इस सप्ताह के अंत तक तेज हवा का प्रकोप रहेगा, अगले सप्ताह से तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। जिससे मार्च में ही अप्रैल माह जैसी गर्मी का असर दिखाई देगा।