हापुड़ में तापमान बढ़ने के साथ ही गर्म हवा चलने से गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। बुधवार को सुबह से ही गर्मी के चलते लोग परेशान नजर आए।अधिकतम तापमान भी एक डिग्री बढ़कर 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार से मौसम में बदलाव का अनुमान है और 11 अप्रैल को गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
अप्रैल के पहले सप्ताह में ही जून जैसी गर्मी पड़ रही है। बुधवार को सुबह से ही सूरज की तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन चढ़ने के साथ ही तापमान भी बढ़ता गया। दोपहर को लोग घरों से भी निकलने में कतराते रहे। दोपहर के छुट्टी के बाद घर जा रहे स्कूली बच्चे भी गर्मी से बेहाल दिखाई दिए।
तेज धूप होने के कारण जो रोजमर्रा की कामों के लिए निकल रहे थे उनको अब काफ़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग जरूरी कार्य के लिए ही घरों से निकल रहे है। गर्मी लगने पर लोग तरल पेय पढ़ार्थो का सहारा लेते नजर आ रहे है। लोगों का कहना है की दो दिनों से तापमान बढ़ रहा है भीषण गर्मी पड़ रही है तो आगामी दिनों में और भी तेज गर्मी के तेबर देखने को मिल सकते है।
बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि मंगलवार के मुकाबले एक डिग्री अधिक रहा। जबकि रात्रि का तापमान 21 डिग्री रहा। दिन में छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 10 अप्रैल से मौसम में बदलाव का अनुमान है। 11 अप्रैल को बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट होगी और हवा की रफ्तार भी बढ़ेगी।