हापुड़। तापमान में हो रही बढ़ोतरी के साथ गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। इसके साथ लू भी बेहाल कर रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान दी डिग्री बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
सोमवार दोपहर तेज धूप और 11 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। जनमानस को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। आगामी दिनों में गर्मी और आफत बन सकती है। धूप से बचने के लिए लोग मुंह और सिर को कपड़े से ढकते हुए नजर आए। पड़ रही प्रचंड गर्मी लोग बेहाल है। दोपहर में सूरज की तेज किरणों और लू के थपेड़ों ने तपिश को और ज्यादा बढ़ा दिया।
लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए एसी, कूलर, पंखों का सहारा लेते दिखाई दिए। अधिकतम तापमान 39 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ अशोक कुमार का कहना है कि इस सप्ताह लू और भीषण गर्मी के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहेगा। ऐसे में लोग अपनी सेहत का ध्यान रखें।