जनपद हापुड़ में थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव बझेड़ा कला में मिल्क पाउडर और वनस्पति घी से बनाये जा रहे सिंथेटिक मावे को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग और पुलिस टीम ने छापा मारकर 16 क्विंटल नकली मावा बरामद किया है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह कपूरपुर पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक कैंटर पुलिस को आता हुआ दिखाई दिया। जांच करने पर कैंटर में मावा पाया गया। जिसके बाद मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग को दी गई। जांच में मावा सिंथेटिक तरीके से तैयार किया हुआ मिला, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
इसके बाद टीम उस स्थान पर पहुंची जहां मावा बनाया जा रहा था। पुलिस टीम ने मौके से मावा बनाने का सामान बरामद किया। टीम ने मावा का नमूना लिया। नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। इसके बाद में 16 क्विंटल मावा नष्ट कराया गया।
खाद्य आयुक्त महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए टीम ने 10 कट्टे मिल्क पाउडर व 23 कनस्तर वनस्पति घी के बरामद किए गए हैं। बड़ी बात यह है कि दूध के अलावा यह मावा मिल्क पाउडर और वनस्पति घी से बनाया जा रहा था। पिछले कई दिनों से यह कार्य चल रहा था। आसपास के लोगों को भी इसकी भनक नहीं थी। टीम ने आसपास के क्षेत्र और गांवों में भी जांच की। इसके अलावा लगातार इस क्षेत्र की निगरानी की जाएगी।