हापुड़। जिले में भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। शुक्रवार को जहां एक ओर चटक धूप ने लोगों को बेहाल किया, वहीं तेज धूलभरी हवाओं ने राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। हवा की रफ्तार के कारण सड़कों पर धूल का गुबार छाया रहा, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत हुई।
तेज हवाओं से धूल का कहर
शुक्रवार की सुबह मौसम हल्का-फुल्का रहा, लेकिन जैसे ही दिन चढ़ा, तेज धूप और गर्म हवा ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। करीब 11 बजे के आसपास 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली धूलभरी हवा ने वातावरण को धुंधला कर दिया। इससे आमजन के साथ-साथ दुपहिया वाहन चालकों को भी खासा दिक्कत का सामना करना पड़ा।
इ
तापमान में हल्की गिरावट
हालांकि, तेज हवा चलने के बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान एक डिग्री कम होकर 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम में बदलाव की संभावना
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार के मुताबिक, अगले सप्ताह मौसम में बदलाव आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के भी आसार हैं, जिससे गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।