हापुड़। ट्रेनों की लेटलतीफी और निरस्तीकरण के कारण रेलयात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुलंदशहर-तिलकब्रिज के बीच चलने वाली शटल पैसेंजर को अब पांच मार्च तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। वहीं बरेली-दिल्ली पैसेंजर भी छह मार्च तक निरस्त रहेगी।
हापुड़ रेलवे स्टेशन से शहर के साथ ही आसपास ग्रामीण क्षेत्रों से रोजाना सैकड़ों की संख्या में दैनिक यात्री गाजियाबाद, दिल्ली के लिए इस ट्रेन में सफर करते हैं। ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए ये खबर बेहद जरूर है। बुलंदशहर से तिलकब्रिज के बीच संचालित 64567/68 शटल पैसेंजर को तकनीकि कारणों के चलते 23 फरवरी तक निरस्त किया गया था। लेकिन अब इस ट्रेन का संचालन पांच मार्च तक के लिए निरस्त कर दिया गया है।
वहीं एक दिसंबर से कोहरे के नाम पर 54076 दिल्ली-बरेली पैसेंजर को 28 फरवरी तक निरस्त किया गया था, लेकिन अब यह ट्रेन पांच मार्च तक निरस्त रहेगी। जबकि 54075 बरेली दिल्ली पैसेंजर का संचालन एक मार्च तक के लिए रद्द किया गया था जो अब छह मार्च तक रद्द रहेगी। ट्रेनों के निरस्त होने से अन्य ट्रेनों में बोझ बढ़ेगा।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि शटल पैसेंजर और बरेली दिल्ली पैसेंजर निरस्त रहने तक रेलयात्री अपने गंतव्य को पहुंचने के लिए अन्य ट्रेनों का सहारा ले सकते हैं।