हापुड़। बारिश के बाद बुधवार की रात शहर की सड़कें घंटों पानी में डूबी रहीं। बिजली आपूर्ति न होने के कारण दिनभर हजारों लोगों को पेयजल के लिए भी तरसना पड़ा। जैसे-तैसे कुछ जगहों पर जनरेटर लगाकर पानी की आपूर्ति कराने का प्रयास किया गया।
शहर के फ्री गंज रोड, रेलवे रोड, गोल मार्केट, मीनाक्षी रोड जैसे मुख्य मार्गों पर दो फीट तक जलभराव रहा। गोल मार्केट में दुकानों के अंदर तक पानी घुस गया। आंधी और बरसात का असर बृहस्पतिवार को भी दिखा। नगर पालिका तीन लाख शहरवासियों को करीब 80 नलकूपों से पानी की आपूर्ति करती है।
इनमें 50 प्रतिशत नलकूपों पर जनरेटर नहीं लगे हुए हैं। जिन इलाकों में बृहस्पतिवार की सुबह भी विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हुई, वहां दिनभर पानी की किल्लत बनी रही। जनरेटर से संचालन के बाद भी आपूर्ति प्रभावित हुई। मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था ठप हो गई। जिससे उपभोक्ता त्रस्त हो गए। जिससे मोहल्ले वासियों के सामने पानी का संकट गहराने लगा।
बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास कालोनी, मेरठ की सर्वोदय कालोनी आवास विकास कॉलोनी संजय विहारगांधी विहार, मोती कॉलोनी, आर्य नगर, जवाहर गंज आदि मोहल्लों में पानी की किल्लत रही। ईओ इंद्रपाल सिंह का कहना है कि भी पांच बड़े नालों की सफाई का टेंडर खुल गया है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
नहीं हुई नालों की सफाई शुरू : शहर में पांच बड़े नाले हैं। इनमें दिल्ली रोड, मेरठ रोड, गढ़ रोड, सिकंदर गेट मोती कालोनी और मोदीनगर रोड का नाला शामिल है। इनकी सफाई पर पांच करोड़ रुमये खर्च होने थे, लेकिन पालिका ने अभी तक काम शुरू नहीं करवाया है।