हापुड़। गर्मी बढ़ते ही तापमान भी बढ़ने लगा है। सोमवार को चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया, जिस कारण दोपहर को सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
सुबह से ही चटक धूप खिली रही। हवा न चलने के कारण सूरज की तपिश और बढ़ गई। भीषण गर्मी के कारण लोग दोपहर को घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। दोपहर होते ही सूर्य की किरणें लोगों को चुभने लगी। कड़ी धूप के कारण दिनभर सड़कों पर रहने वाली भीड़ अब छंटने लगी है।
गर्मी के तेवर बढ़ते ही लोगों में बेचैनी दिखनी शुरु हो गयी है। लोग अब घरों से निकलने में हिचकने लगे हैं। तापमान के बढ़ते ही धूप भी तेज होने लगी है जिससे बचने के लिए लोग सिर पर रुमाल, गमछा या फिर छाता लगा के घर से निकलते है। गर्मी के कारण पशु पक्षी भी बेहाल रहे। दोपहर बाद हल्के बादल भी छाए लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले कुछ दिन अभी भीषण गर्मी से राहत मिलने के फिलहाल आसार नहीं है।