हापुड़ में नगर पालिका के कर विभाग ने सालों से ग्रह और जलकर जमा न करने पर 50 से अधिक उपभोक्ताओं को करीब आठ करोड़ रुपये के बकाये का नोटिस दिया गया है। 12वीं तक के स्कूलों से ग्रह और जलकर नहीं वसूला जा सकता है। जबकि, नगर पालिका की सीमा में आने वाले कॉलेज से टैक्स लिया जाएगा।
शहर में करीब 48 हजार व्यावसायिक, आवासीय और आवासीय कम व्यावसायिक भवन हैं। नगर पालिका इनसे हर साल करीब आठ से नौ करोड़ रुपये का ग्रह, जल और सीवर कर वसूलती है। लेकिन कुछ लोग साल से यह कर जमा नहीं कर रहे हैं। जिसके बाद नगर पालिका के जलकल विभाग के अधिकारियों ने करीब 50 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। कर जमा नहीं करने पर इनकी तहसील से आरसी जारी की जाएगी।
इसमें अकेले एसएसवी पीजी कॉलेज को 5.18 करोड़ रुपये का बिल भेजा गया है। इससे पहले कॉलेज को भी नोटिस भेजे गए थे। वर्ष 2013 से लेकर अब तक कॉलेज ने कर जमा नहीं किया है।
शासन के आदेश के अनुसार 12वीं तक के स्कूलों से ग्रह और जलकर नहीं वसूला जा सकता है। जबकि, नगर पालिका की सीमा में आने वाले कॉलेज से टैक्स लिया जाएगा। नगर में सिर्फ एसएसवी और एकेपी कॉलेज पालिका सीमा में आते हैं। नगर पालिका के अनुसार, एकेपी कॉलेज ने पहले टैक्स जमा किया था।
एसएसवी पीजी कॉलेज सचिव अमित अग्रवाल जोनी- ने बताया की अभी हमें कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। नोटिस या बिल मिलने पर कार्यवाही करेंगे। सरकारी कॉलेज से ग्रह कर नहीं लिया जा सकता है।
नगर पालिका कर निर्धारण अधिकारी एससी भारतीय- ने बताया की कॉलेज को कर देना जरूरी होता है। इसलिए ही नोटिस के बाद बिल भेजा गया है। 12 वीं तक के इंटर कॉलेज को इससे छूट दी जाती है।