हापुड़। बुधवार रात मंडल अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद अब जिलाध्यक्ष की बारी हैं। भाजपा के मंडल अध्यक्षों और जिला प्रतिनिधियों की घोषणा के बाद नौ मार्च को जिलाध्यक्ष के लिए नामांकन होगा। जिलाध्यक्ष बनने की दौड़ में करीब 30 पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हैं।
बुधवार की रात भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने 12 में से सात मंडल अध्यक्षों की घोषणा की। मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद जिले का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। बहुत से संभावित नाम बृहस्पतिवार को ही लखनऊ और दिल्ली पहुंच गए।
वहीं, अनुसूचित जाति का जिलाध्यक्ष बनने की चर्चाएं भी बहुत अधिक हैं। ऐसे में जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में, रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। अनुसूचित जाति को लेकर चर्चाएं क्यों तेज हुई हैं, इसे भी भाजपा के राजनीतिक विशेषज्ञ समझने की कोशिश कर रहे हैं।
जिला चुनाव अधिकारी व प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि धौलाना में मनोज गौतम, पिलखुवा नगर में अमित टांक, पिलखुवा देहात में राजू तेवतिया, बाबूगढ़ में कपिल पाल, गढ नगर में तारा केवट, सिंभावली में मनोज जाटव और बहादुरगढ़ में हरवीर लोधी को जिला प्रतिनिधि बनाया गया है। जिन मंडलों में अध्यक्ष घोषित हुए हैं। वहीं, इन जिला प्रतिनिधियों की भी घोषणा की गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश तोमर- ने बताया की नौ मार्च को जिला चुनाव अधिकारी पार्टी कार्यालय पर नामांकन लेंगे। उसी समय नामांकन के लिए फार्म दिए जाएंगे। सभी कार्यकर्ताओं को सूचना दे दी गई है। नामांकन के लिए दो बार का सक्रिय सदस्य होना जरूरी है। नामांकन वाले दिन ही फार्म का वितरण जिला चुनाव अधिकारी करेंगे।