सिंभावली की पीड़िता पहुंची थाने, ससुर पर उत्पीड़न और छेड़छाड़ का लगाया गंभीर आरोप
सिंभावली। “अंकल नमस्ते, मैं आपकी मदद चाहती हूं। मेरा ससुर मुझ पर पति बनने का दबाव बना रहा है…” — यह शब्द शुक्रवार को सिंभावली थाने में पहुंची एक विवाहित महिला ने पुलिस अधिकारी से कहे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका ससुर लगातार उत्पीड़न करता है, छेड़छाड़ करता है और स्वयं को उसका पति मानने को मजबूर करता है।
पीड़िता क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। उसकी शादी चार साल पहले हुई थी और उसका एक बेटा भी है। उसका पति बाहर नौकरी करता है और लंबे समय तक घर नहीं रहता। इसी दौरान, महिला का आरोप है कि ससुर ने उस पर बुरी नजर रखना शुरू कर दिया।
पहले पत्नी को भी किया था प्रताड़ित
महिला ने बताया कि शादी के बाद उसे पता चला कि उसके पति की पहले भी शादी हो चुकी थी, लेकिन उसके ससुर ने पहली पत्नी को प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया था। उसी युवक से उसकी दूसरी शादी कराई गई। अब उसके साथ भी ससुर लगातार छेड़छाड़ करता है और कहता है कि “अब से मैं ही तेरा पति हूं।”
थाने में फूट-फूट कर सुनाई आपबीती
पीड़िता शुक्रवार की सुबह थाने पहुंची और पुलिस अधिकारियों को फूट-फूट कर अपनी व्यथा सुनाई। उसने बताया कि वह अब मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी है और उसे ससुर से सुरक्षा चाहिए। महिला ने आरोपी ससुर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी का कहना है कि महिला की तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक तौर पर यह घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न और महिला सम्मान के उल्लंघन का मामला प्रतीत होता है।