हापुड़ में अप्रैल की शुरुआत के बाद से ही गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। सूरज की तपिश के साथ गर्म हवाएं भी लोगों को परेशान करने लगी हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के पार पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी।
अभी अप्रैल आधा भी नहीं बीता कि गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। सूरज की तपिश के साथ ही गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। दिन निकलते ही सूरज की किरणें लोगों को परेशान कर रही है। दोपहर के समय तो धूप में निकलना भी मुश्किल हो रहा है। जिस कारण दोपहर के समय सड़कें और बाजार सूने नजर आते हैं। तपिश के साथ ही अब गर्म हवा भी अपना असर दिखाने लगी है।
सुबह का मौसम सामान्य रहता है। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, तापमान में भी वृद्धि होने लगती है। तेज धूप में अब रुकना मुश्किल हो गया है। मुंह पर महिलाएं मुंह पर दुपट्टा बांधकर निकल रही हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग सड़क पर जगह-जगह गन्ने का जूस, नारियल, लस्सी, फलों का जूस और आइसक्रीम पर गला तर करने को लोगों की भीड़ नजर आ रही है।
रविवार दोपहर 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। गर्म हवा के चलते दोपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। दोपहर के समय अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया। रविवार को अवकाश के चलते लोगों ने घरों में रहना ही सुरक्षित समझा। गर्मी से निजात पाने के लिए कूलर, पंखों का सहारा लेना शुरु कर दिया है। वहीं रात्रि में भी गर्मी का असर बढ़ने के कारण लोगों की बेचैनी बढ़ने लगी है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि इस सप्ताह तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के पार पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही गर्म हवाओं का भी प्रकोप बढ़ेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।