जनपद हापुड़ में गढ़ रोड स्थित नवीन कृषि मंडी में किसानों से आढ़त वसूलने, छह आर फार्म न दिए जाने के मामले में बीते दिनों भाकियू के हंगामे के बाद अब खाद्यान्न पटल का चार्ज देखने वाले निरीक्षक का पटल बदल, दो आढ़तियों को नोटिस जारी किया है।
मंडी में इन दिनों धान की खरीद फरोख्त हो रही है। किसानों से आढ़त शुल्क वसूलने का कोई प्रावधान नहीं है। लेकिन यहां किसानों से दो फीसदी तक अवैध तरीके से आढ़त वसूली जाती है। किसानों की शिकायत पर निरीक्षक का पटल बदल दिया गया है। बीते दिनों मंडी में धान का रेट 3571 रुपये खुला था। लेकिन किसानों को दाम 120 रुपये कम दिया गया।
भाकियू के जिलाध्यक्ष पवन हूण समेत कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया। 60 किलो की बोरी के स्थान पर 62 किलो धान लिया जा रहा था। मंडी समिति की सचिव को इस संबंध में किसानों ने अवगत कराया। साथ ही यह भी बताया कि किसानों से दो फीसदी तक आढ़त वसूली जा रही है। जबकि आढ़त शुल्क वसूलने का कोई प्रावधान नहीं है।
किसानों ने दो आढ़तियों के नाम भी समिति की सचिव को दिए थे। इस मामले में मंडी समिति की सचिव ने एडीएम की संस्तुति पर निरीक्षक मुद्रिका सिंह को खाद्यान्न पटल से हटा दिया है। साथ ही दोनों आढ़तियों को भी नोटिस जारी किए हैं।
सचिव मंडी समिति नीलिमा गौतम- ने बताया की मंडी में आने वाले किसान आढ़त न कटवाएं, यदि कोई आढ़ती आढ़त काटता है तो इसकी लिखित में शिकायत करें। छह आर फार्म भी लें, इस संबंध में किसानों को जागरूक किया जा रहा है। किसानों की शिकायत पर निरीक्षक का पटल बदल दिया गया है।