जनपद हापुड़ में शिवरात्रि के लिए मंदिर सज कर तैयार हो गए हैं। सभी मंदिरों में भगवान आशुतोष के जलाभिषेक की तैयारी पूरी हो चुकी हैं। प्राचीन सबली मंदिर सहित अधिकतर मंदिरों में शाम 8.32 बजे से कांवड़िये जलाभिषेक शुरु करेंगे। जिले में तीन लाख कांवड़िये आज जलाभिषेक करेंगे।
शिवरात्रि पर्व के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। मंदिरों में जल को लेकर कांवड़ियों का पहुंचना शुरू गया है। महाशिवरात्रि पर सबली महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की सुबह से ही भीड़ उमड़ रही है। जलाभिषेक के लिए सबली महादेव पर हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे है।
सबली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शिवभक्तों की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए बेरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। कांवड़ियों के रुकने और खाने की विशेष व्यवस्था की गई है। रस्ते में जगह जगह शिवभक्तों के लिए शिविर लगाए गए है। शुक्रवार को पुलिस- प्रशासन के अधिकारियों ने शिवालयों का निरीक्षण कर व्यवस्था परखी।
उधर बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम छपकौली श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में भी कांवड़िये जलाभिषेक करेंगे। मंदिर की समिति के सदस्य बुद्धप्रकाश शर्मा ने बताया कि 8.33 बजे कांवड़ियों द्वारा जलाभिषेक शुरू होगा। वहीं, चंडी मंदिर में भी जलाभिषेक के इंतजाम किए गए हैं।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिले में विभिन्न मार्गों पर एंबुलेंस को तैनात किया गया है। तीन मोबाइल वेन टीम तैनात हैं। जो पूरे जिले में घूमकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविरों में दवाई मुहैया करा रही हैं। सात चिकित्सकों की टीम शिविरों में तैनात की गई
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शिवालयों में सुरक्षा की दृष्टि से 1200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मंदिरों और आस-पास क्षेत्र में पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी मुस्तैद रहेंगे। मंदिरों में आने वाले शरारती तत्वों पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी।