हापुड़ जिले में कड़कड़ाती ठंड के साथ कोहरे से जनजीवन प्रभावित रहा। देर रात से पड़ना शुरू हुआ भयंकर कोहरा, शुक्रवार को दस बजे तक छाया रहा। इसके कारण सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दोपहर में धूप जरूर निकली लेकिन आसमान में पूरे दिन बादल छाए रहे। तेज ठंडी हवाओं से बढ़ी गलन ने पूरे दिन लोगों को परेशान किए रखा। न्यूनतम तापमान में सात डिग्री दर्ज किया गया।
बृहस्पतिवार रात से कोहरा छाने के बाद शुक्रवार सुबह की शुरूआत भी भयंकर कोहरे के साथ हुई। इसके बाद चली सर्द हवाओं और आसमान में छाई धुंध ने तापमान गिरा दिया। पूरा दिन सर्द हवाओं के साथ कडकड़ाती ठंड ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। पूरा दिन बाजार सुनसान दिखाई दिए। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस जबकि, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घने कोहरे की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे में वाहन चालकों को वाहनों की हेडलाइट जला कर चलना पड़ा। सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन और बढ़ गई। सर्दी के कारण लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। लोगों ने हीटर, अलाव आदि तापकर सर्दी से निजात पाने के जतन किए।
कोहरे व धुंध के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ। ऐसे में वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कोहरे ने वाहनों की रफ्तार थाम दी। आमतौर पर तेज गति से चलने वाले चालक चाहकर भी अपने वाहन को गति नहीं दे पा रहे। शनिवार सुबह लोग उठे तो चारों ओर घना कोहरा छाया मिला।