हापुड़ एनएच-9 से गांव श्यामपुर मलकपुर आबादी से कनिया कल्याणपुर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढीकरण के कार्य को लिए रविवार को विधायक विजयपाल आढ़ती ने भूमि पूजन किया। यह सड़क 3.75/3 मीटर से 5.50 मीटर चौड़ी की जाएगी। इस कार्य पर करीब 18.38 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मार्ग बनने से किठौर जाना आसान हो जाएगा। इससे आठ से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
रविवार को विधायक विजयपाल आढ़ती, सांसद प्रतिनिधि विनोद गुप्ता व अशोक बबली ने भूमि पूजन किया। विधायक ने कहा कि योगी सरकार में हापुड़ के कई मार्गों का चौड़ीकरण जारी है। इससे हजारों लोगों को लाभ मिल रहा है। ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा।
अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि यह मार्ग दिल्ली-बरेली-लखनऊ मार्ग के किलोमीटर 56 आबादी क्षेत्र से बायीं ओर निकलकर श्यामपुर-मलकपुर होते हुए कनिया कल्याणपुर को जोड़ता है। साथ ही यह मार्ग एनएच-9 से मवाना-किठौर मार्ग पर लौटी व किठौर जाने वाले यात्रियों के न्यूनतम लंबाई का बाइपास मार्ग भी है। मार्ग के चौड़ीकरण से आवागमन में लाभ मिलेगा।
विधायक सदर विजयपाल आढ़ती के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव शासन को भेजा था। उनका प्रयास है कि क्षेत्रवासियों को बेहतर से बेहतर सुविधा मिले और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वीकृति दी थी। सड़क का निर्माण जल्द शुरू करा दिया जाएगा।
साथ ही किसानों को अपनी फसल मंडी व चीनी मिल आसानी से पहुंचाने में मदद भी मिलेगी। विभाग द्वारा 18.38 करोड़ से साढ़े ग्यारह किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण और मरम्मत कराई जाएगी।