हापुड़ में आजादी की 77वीं वर्षगांठ मनाने के लिए शहर सजकर तैयार है। नगर आजादी के जश्न में डूब गया है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बाजार केसरिया रंग के रंग में दिखाई दिए। बाजारों में तिरंगे से लेकर तिरंगे की टीशर्ट, पतंग आदि की जमकर बिक्री हुई। शिक्षण संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में सुबह ध्वजारोहण होगा।
77वें स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाने के लिए हापुड़ नगरी पूरी तरह से तैयार है। नगर में कहीं तिरंगा रोशनी से जगमग इमारतें दिखाई दे रही हैं तो कहीं रंगोली और तिरंगे की भव्य सजावट की गई है। ऐसे में नगर में आजादी के जश्न का अलग ही माहौल देखने को मिल रहा। हर घर और प्रतिष्ठानों पर लहराते हुए तिरंगे लोगों में देश प्रेम की भावनाओं को प्रेरित कर रही हैं। जो देख रहा है वह गर्व महसूस कर रहा है।
रेलवे रोड से लेकर बुलंदशहर रोड पर देर रात तक तिरंगे, गुब्बारे, टीशर्ट, अशोक चिंह, स्मृति चिंह आदि की ब्रिकी होती रही। बच्चों से लेकर बड़ों ने भी स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए इन सबकी खरीदारी की। हापुड़ में गढ़ रोड, मेरठ रोड, दिल्ली रोड डिवाइडर पर लगी तिरंगा लाइटों ने अलग ही निराली छंटा बिखेरे रखी।
देश की आजादी के 77 वर्ष पूर्ण होने पर आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता दिवस पर शहर की सरकारी इमारतें रंग-बिरंगी रोशनी से सजाई गई हैं। नगर कोतवाली से लेकर थाना देहात, एसडीएम कार्यालय, नगर पालिका, जिला मुख्यालय को तिरंगा लाइटों से सजाया गया है। जिसे देखकर लोग आनंदित महसूस कर रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर व्यापारी वर्ग भी पीछे नहीं रहे। दुकानों और प्रतिष्ठानों को तिरंगा रंग चढ़ाया गया। दुकानों पर तिरंगा झंडे लगाए गए। इसके अलावा केसरिया, हरे व सफेद रंग के गुब्बारे आदि को भी लगाया गया।
स्वतंत्रता दिवस पहले होने के चलते पतंग की दुकानों पर तिरंगा पतंग भी खूब नजर आ रही हैं। रविवार की देर शाम तक खूब तिरंगा पतंगों की बिक्री हुई। इससे सोमवार को 15 अगस्त पर आसमान में तिरंगा पतंग नजर आएंगी।