हापुड़ में बारिश से मिली राहत के बाद मौसम के तेवर बदले हुए हैं। तापमान बढ़ने लगा है। पिछले दो दिन में अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री बढ़कर 21 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इस सप्ताह बृहस्पतिवार तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
पिछले सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद मौसम में बदलाव हुआ और आंधी के साथ बारिश भी हुई। जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। लेकिन अब फिर से मौसम का मिजाज धीरे-धीरे गर्म होने लगा है।
राहत के दिन बीत गए है। सोमवार से मौसम ने फिर तेवर वापस दिखाने शुरू कर दिए। तीखे तेवर दिखाने के लिए मौसम तैयार है। सोमवार सुबह से ही मौसम साफ रहा और चटक धूप खिली रही। लेकिन सूरज की तपिश भी पिछले दो दिन के मुकाबले तेज रही।
जिससे सोमवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री बढ़कर 21 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि इस सप्ताह तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी का असर बढ़ेगा। बृहस्पतिवार तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही गर्म हवाओं का प्रकोप भी बढ़ेगा।