हापुड़ में हरिद्वार रूट पर अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की जा रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस मार्ग पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में इस रूट पर एक बस का संचालन हो रहा है। ऐसे में अब दो और बसों के संचालन की तैयारी है।
नगर से सीधा हरिद्वार के लिए परिवहन निगम की एक बस का संचालन सुबह के समय होता है। यह बस रेलवे स्टेशन से संचालित होती है। इधर, गर्मी और स्कूली बच्चों की छुट्टियों के कारण इस रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में यात्रियों ने बसों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग की थी।
वहीं, परिवहन निगम ने यात्रियों की मांग पर ध्यान दिया है। जिसके चलते अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी है, क्योंकि इससे निगम को भी राजस्व का लाभ पहुंचेगा। हालांकि, अभी बसों की संख्या निगम नहीं बढ़ा पा रहा है। क्योंकि चुनाव ड्यूटी में निगम की 51 बसें गई हुई हैं। यहां तक कि नई बसें भी निगम के पास नहीं है।