जनपद हापुड़ में पिछले कई दिनों तक भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को बारिश से राहत तो मिली है। लेकिन, जलभराव ने परेशानी बढ़ा दी। नालों की सफाई न होने के कारण नगर के मुख्य मार्गों समेत बाजारों और गली मोहल्लों में जलभराव हो गया। बारिश बंद होने के कई घंटे बाद पानी कम होने पर राहत मिली।
मौसम का मिजाज बुधवार की सुबह से ही बदला नजर आ रहा था। आसमान में सुबह से ही बादल छा गए। करीब छह बजे झमाझम बारिश होनी शुरू हो गई, जो रुक रुककर दोपहर तक होती रही। लेकिन बारिश से हुए जलभराव से लोगों की जान आफत में आ गई। शहर से देहात क्षेत्रों तक जगह-जगह जलभराव रहा।
गोल मार्केट में बारिश होने के बाद हुए जलभराव का पानी दुकानों तक में घुस गया। इसके अलावा गांधी गंज, रेलवे रोड, देवलोक कॉलोनी, अतरपुरा चौपला, बुलंदशहर रोड आदि गली मोहल्लों और मार्गों पर जलभराव हो गया। वहीं दूसरी ओर, मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया था। जो बुधवार सुबह को 29 डिग्री तक पहुंच गया। उमस से भी लोगों को कुछ राहत मिली।
बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दिलाई लेकिन, कई स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को आफत का सामना करना पड़ा। शहर के अधिकांश इलाकों में पानी भर गया। कुछ इलाकों में तो जलभराव दूर हो गया, लेकिन कई इलाकों में देर शाम तक जलभराव था और लोग इसकी वजह से परेशान थे।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार- ने बताया की अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। जिससे अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। जिससे लोगों को काफी राहत मिल सकेगी।