हापुड़। मेरठ से हापुड़, बुलंदशहर और मोदीनगर से हापुड़ आने वाले हजारों लोगों को सात दिनों तक परेशानी झेलनी पड़ेगी। मरम्मत कार्य के चलते सात दिन तक हापुड़-मेरठ फ्लाईओवर बंद रहेगा। 25 मार्च तक रोजाना रात 10 से सुबह छह बजे तक फ्लाईओवर पर कार्य चलेगा। इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर निकाला जाएगा। फ्लाईओवर बंद रहने से 12 मोहल्ले और छह गांवों का रास्ता भी प्रभावित होगा। जिस कारण हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 47 करोड़ रुपये से मेरठ-बुलंदशहर मार्ग का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। यह चौड़ीकरण धीरखेड़ा चौक से लेकर हापुड़ में बुलंदशहर रोड पर बाईपास तक हुआ है, लेकिन रास्ते में कुछ जगह कार्य शेष रह गया है। वर्तमान में मेरठ रोड की असौड़ा पुलिया भाग के किमी 29 में बाक्स, कल्वर्ट निर्माण का कार्य चल रहा है। साथ ही मेरठ रोड पर किमी 31 में पड़ने वाले रेलवे फ्लाईओवर पर स्क्रैपिंग, लेपन और मरम्मत का कार्य होना है।
इस शेष कार्य को अब लोक निर्माण विभाग सात दिन में पूरा करेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह का कहना है कि बुधवार से 25 मार्च तक हर दिन रात्रि 10 से सुबह छह बजे तक मरम्मत कार्य होगा। रूट डायवर्जन का प्लान भी जारी कर दिया गया है। जल्द ही इस मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य पूरा हो जाएगा।
मेरठ रोड व मोदीनगर रोड के मोहल्ला रघुवीर गंज, न्यू आलोक कॉलोनी, आलोक कॉलोनी, मधुबन कॉलोनी, मोती कॉलोनी, पंचशील कॉलोनी, अलका कॉलोनी, संजय विहार आवास विकास कॉलोनी, गांधी विहार, राजीव एंक्लेव, चंद्रलोक कॉलोनी, आदर्श नगर कॉलोनी में जाने पर परेशानी झेलनी पड़ेगी। साथ ही असौड़ा, बदनौली, जसरूपनगर आदि गांवों का रास्ता भी बाधित होगा। इसके अलावा शहर में आने के लिए भी लोगों को दूसरे रास्तों से होकर जाना पड़ेगा।
इन वैकल्पिक मार्गों पर रात्रि में वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ जाएगी। इस कारण मार्गों पर सात दिन के लिए अतिरिक्त यातायात पुलिस बल तैनात रहेगा। जिससे कि मार्गों पर जाम की समस्या न पैदा हो। रात्रि में इन सभी मार्गों पर तीन-तीन पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।