हापुड़। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लखनऊ में आयोजित आम महोत्सव में हापुड़ जिले ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। यह सम्मान भदस्याना निवासी किसान हर्षवर्धन त्यागी को उनकी जैविक चौसा वैरायटी के आम के लिए प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने की तारीफ, किसानों का बढ़ाया हौसला
आम महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने हापुड़ से आए किसान हर्षवर्धन त्यागी के चौसा आम की खुले मंच से प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने अन्य मंत्रियों के साथ किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
2019 से कर रहे हैं आम की बागवानी
हर्षवर्धन त्यागी ने बताया कि वे वर्ष 2019 से आम की बागवानी कर रहे हैं। उनके बागों से उपजाए गए चौसा आमों की आपूर्ति न सिर्फ दिल्ली-एनसीआर, बल्कि दक्षिण भारत के राज्यों में भी होती है। उनकी चौसा वैरायटी पूरी तरह जैविक (ऑर्गेनिक) है, जिसे ग्राहकों और विशेषज्ञों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है।
पहली बार हापुड़ को मिला आम महोत्सव में अवॉर्ड
हर्षवर्धन त्यागी ने बताया कि हापुड़ जिले को पहली बार आम महोत्सव में अवॉर्ड मिला है, जो किसानों के लिए गर्व की बात है। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए किसानों के बीच हापुड़ की चौसा वैरायटी को दूसरा स्थान मिलना इस क्षेत्र की खेती-किसानी की संभावनाओं को दर्शाता है।
6 जुलाई को होगा सम्मान समारोह
प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त करने के उपलक्ष्य में हर्षवर्धन त्यागी को 6 जुलाई को लखनऊ में औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बनेगी।