हापुड़ – भारतीय किसान यूनियन द्वारा ग्रामीण स्तर पर किसानों को जागरूक करने और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ग्राम संवाद अभियान के तहत 47वां कार्यक्रम मंगलवार को ग्राम भटेल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री एकलव्य सिंह सहारा ने किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति देखने को मिली। मंच संचालन पपेंद्र चौधरी ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत अध्यक्ष सतपाल सिंह ने की।
इस अवसर पर किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत का जन्मदिन सामूहिक रूप से मनाया। गांववासियों ने मिलकर केक काटा और पूरे गांव को नाश्ता कराकर जन्मदिन को उत्सव का रूप दे दिया।
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने टिकैत परिवार के प्रति अटूट विश्वास और समर्थन जताते हुए एक स्वर में कहा जब तक किसानी करेंगे, टिकैत परिवार के साथ रहेंगे। गांव में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रदेश सचिव रामपाल सिंह और मंडल सचिव यशवीर सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम संवाद अभियान के माध्यम से संगठन गांव-गांव तक पहुंच रहा है। इससे न केवल किसानों में जागरूकता बढ़ रही है, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती भी मिल रही है। इस कार्य में एकलव्य सिंह सहारा की भूमिका सराहनीय है।
कार्यक्रम में संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें हरेंद्र सिंह, सुखबीर सिंह, उधम सिंह, शोभित, कपिल, दिलप्रीत, अनुराग बालियान, रिंकू, आशीष, मुकुल उज्जवल, विपिन, मयंक, डॉ. मोनिश, वक़ील मलिक, शेखर चौधरी, अर्जुन चौधरी सहित कई युवा चेहरे शामिल रहे।
एकलव्य सहारा ने कहा कि ग्राम संवाद कार्यक्रम के जरिए गांव में संगठनात्मक चेतना का संचार हुआ। युवा वर्ग ने इसे भविष्य की दिशा में सशक्त कदम बताया। कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया है। ग्राम भटेल में हुआ यह आयोजन न केवल एक संवाद कार्यक्रम था, बल्कि यह गांव की एकजुटता, किसान चेतना और संगठन के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण भी बन गया।