हापुड़ में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. चौधरी चरण सिंह के नाम पर गांव नूरपुर मंढैया को अलग ब्लॉक बनाने का जिला प्रशासन द्वारा प्रस्ताव बनाया जा रहा है। गढ़मुक्तेश्वर से भाजपा विधायक हरेंद्र सिंह ने भी अपना सहमति पत्र दिया है। विधायक ने डीएम से वार्ता कर जल्द प्रस्ताव तैयार कर भेजने को भी कहा है। जिससे कि प्रस्ताव को हरी झंडी मिल सके।
गांव नूरपुर की मंढैया चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली है। कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के निर्देश पर उनकी पार्टी के एक जनप्रतिनिधि ने शासन को चौधरी चरण सिंह के नाम से अलग ब्लॉक बनाने के लिए पत्र लिखा था।
इस प्रस्ताव में हापुड़ और सिंभावली ब्लॉक के 45 से अधिक ग्राम पंचायतों को जोड़कर अलग ब्लॉक बनाने की तैयारी है। सोमवार को भी विकास भवन में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी प्रस्ताव को बनाने में जुटे रहे। इसके लिए गढ़ विधायक ने भी प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता कर सहमति पत्र दिया है। हरेंद्र सिंह भी चौधरी चरण सिंह के परिवार से हैं और रिश्ते में उनके पौते भी लगते हैं।
विधायक हरेंद्र सिंह का कहना है कि चौधरी साहब के नाम से अलग ब्लॉक बनता है तो यह खुशी की बात है। इससे किसानों को बहुत अधिक खुशी होगी। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी प्रस्ताव को लेकर शासन के अधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं। जिससे कि उनकी जयंती पर प्रस्ताव को हरी झंडी मिल सके।