हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान गढ़, सिंभावली क्षेत्र के चार मुख्य मार्ग टूट गए हैं। इसके कारण लगभग 30 गोवों के हजारों ग्रामीण परेशान हैं। मिट्टी से भरे ओवरलोड डंपरों के कारण रास्ते टूट गए। इसमें दो कांवड़ मार्ग भी शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने इस मामले में जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। इससे विभाग को लाखों का नुकसान भी हुआ है।
मेरठ से लेकर प्रयागराज तक करीब 585 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का काम तेजी से चल रहा है। जिले में भी करीब 25 गांवों से एक्सप्रेसवे गुजर रहा है। वर्तमान में एक्सप्रेसवे के लिए मिट्टी का भराव चल रहा है।
लोक निर्माण विभाग के स्वामित्व वाले मार्गों पर सुबह से लेकर शाम तक मिट्टी से भरे डंपर दौड़ते रहते हैं। अधिकतर डंपर ओवरलोड होकर चल रहे हैं। इसके कारण सड़कें टूट रही हैं। रास्तों में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, रास्तों में गड्ढे और जलभराव के कारण ग्रामीण व राहगीर परेशान हैं।
एडीएम संदीप कुमार- ने बताया की जो मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं। उनकी मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही सभी मार्गों की मरम्मत हो जाएगी।