हापुड़ में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही का खामियाजा बुधवार की रात वाहन स्वामियों ने झेला। पुलिस ने रात में 10 बजे बैरिकेडिंग करके मेरठ फ्लाईओवर की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों का संचालन रोक दिया। फ्लाईओवर का निर्माण शुरू तो हुआ, लेकिन साइन बोर्ड न लगे होने के कारण वाहन स्वामियों को भटकना पड़ा।
यह फ्लाईओवर हर रात्रि में 10 से सुबह छह बजे तक मरम्मत कार्य के चलते बंद रहेगा। इस फ्लाईओवर के जरिए हर दिन दस हजार से अधिक वाहन मेरठ से हापुड़ से बुलंदशहर और मोदीनगर से हापुड़ आते हैं। साथ ही आसपास के 12 मोहल्लों के लोग भी इसी फ्लाईओवर से गुजरते हैं।
जबकि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को सूचना दी कि रात्रि 10 से सुबह छह बजे तक 25 मार्च तक फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते इसे बंद रखा जाएगा। यहां तक कि मौके पर वैकल्पिक रास्तों के साइन बोर्ड भी नहीं लगाए। इस कारण दूसरे जिलों से आने वाले वाहन स्वामियों को परेशानी हुई। रास्तों में मौजूद लोगों से जैसे-तैसे रास्ते पूछकर वह अपने गंतव्यों को पहुंचे।
अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह का कहना है कि रास्तों में भी जगह-जगह साइन बोर्ड लगवाए जा रहे हैं। जिससे कि वाहन स्वामियों को परेशानी न हो।
मेरठ-बुलंदशहर मार्ग का चल रहा चौड़ीकरण:
लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 47 करोड़ रुपये से मेरठ-बुलंदशहर मार्ग का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। धीरखेड़ा चौक से लेकर हापुड़ में बुलंदशहर रोड पर बाईपास तक निर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य में ही मेरठ रोड के फ्लाईओवर पर स्क्रैपिंग, लेपन और मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया है।