हापुड़ जिले में बुधवार को डेंगू के पांच नए मरीज मिले, अब डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 159 हुई। इनके घरों के आस पास अभियान चलाया। जिसमें 81 स्थानों पर लार्वा मिला। मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है।
डेंगू अब बेकाबू हो चला है, जिले में मरीजों की संख्या भी बढक़र 159 पहुंच गई है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जुटाए गए 52 संदिग्ध सैंपलों की एलाइजा जांच करायी गई। इसमें पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। प्लेटलेट्स भी तेजी से घट रही हैं, साथ ही लिवर में सूजन और उल्टियां लगने से भी मरीज परेशान हैं।
डीएमओ डॉ. सतेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने 245 घरों की जांच की, इसमें 206 कूलर, 387 गमले, 81 ड्रम, 178 फ्रीज की ट्रे, 398 अन्य पात्रों में जांच की गई। इसमें 81 स्थानों पर डेंगू का लार्वा मिला, जिसे नष्ट कराया गया है। बुधवार को डेंगू के मरीज धनौरा, फरीदपुर, हसनपुर, लहडरा, शिवाया में मिले। इन मरीजों को भर्ती कराया गया है।
सीएमओ डॉ.सुनील त्यागी- का कहना है की जिला अस्पताल में डेंगू के मरीजों को इलाज दिया जा रहा है, अब तक 80 से अधिक मरीज यहां स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। बुखार आने पर जांच कराएं और समय से उपचार लें।