हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला करीमपुरा में बच्ची के कपड़ों पर गोबर गिरने का विरोध करने पर कुछ लोगों ने घर में घुसकर लाठीडंडों व धारदार हथियारों से एक परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। हमले में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने पांच नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला निवासी आजाद ने बताया कि सात अप्रैल की सुबह आठ बजे उनका पुत्र कैफ व सुबहान स्कूल जा रहे थे। इसी बीच पड़ोसी सलीम नाली से गोबर निकाल रहा था। गोबर के छींटे उनके बच्चों के कपड़ों पर गिर गए।
बच्चों ने घर पर आकर उनकी मां राजिम से यह बात बताई थी। उनकी मां ने डेयरी पर पहुंचकर आरोपी सलीम से इसकी शिकायत की। इस पर आरोपी ने उनकी मां से अभद्रता कर दी। मां ने यह बात घर आकर उन्हें बताई थी। वह अपने भाई मुस्तफा के साथ सलीम से इसका विरोध करने डेयरी पर गया था। कुछ देर बाद वह अपने भाई के साथ घर लौट आए थे।
इस पर आक्रोशित सलीम, वसीम, जावेद, अब्दुल रहमान, काले व कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने जबरन घर में घुसकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से परिवार पर हमला कर दिया। बचाव करने आई उनकी मां राजिम व चाची अफसाना पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया था। इसमें उनकी मां व चाची गंभीर घायल होकर बेहोश होकर जमीन पर गिर गई थीं। पीड़ित परिवार ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पांच नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।