हापुड़। तहसील चौराहे के पास स्थित साइबर कैफे पर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का मामला सामने आया। साइबर कैफे पर ऑपरेटरों और दलालों ने मिलकर 500 रुपये में फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र बना दिए। नगर पालिका में युवक की शिकायत पर अधिकारियों की आंखें खुली रह गईं। जिला अस्पताल के नाम से लोगों के साथ धोखाधड़ी कर यह प्रमाण-पत्र बने हैं। फर्जी जन्म प्रमाण पत्र पकड़े जाने से साइबर कैफे पर हड़कंप मच गया।
रुपयों की लालच में आजकल लोग हर गलत कार्य करने में लग गए हैं। तहसील चौराहे के पास स्थित साइबर कैफे पर फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार किए जा रहे हैं। इसकी ऐवज में 500 रुपए वसूले जा रहे हैं। मोहल्ला भंडापट्टी निवासी दानिश बृहस्पतिवार की दोपहर को नगर पालिका में पहुंचे। पालिका के सफाई निरीक्षक विजयपाल और अजय शील को फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र दिखाते हुए बताया कि उसके भतीजे मोहम्मद जयान का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए परिवार के सदस्य तहसील चौराहे के पास स्थित एक साइबर कैफे पर गए थे। जहां उन्हें कैफे संचालक और अन्य युवक मिला।
दोनों ने बताया कि वह पांच सौ रुपये में जन्म प्रमाण-पत्र बनवाकर घर पर ही उपलब्ध करा देंगे। इस पर परिजन ने पांच सौ रुपये और दस्तावेज सौंप दिए। तीन दिन बाद जन्म प्रमाण-पत्र उनकी भाभी को सौंपा दिया। स्कूल में जन्म प्रमाण-पत्र देने पर पता चला कि उनके साथ धोखा हुआ है। भतीजे का फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र बनाकर दिया गया। इसके बाद बृहस्पतिवार की दोपहर युवक ने नगर पालिका पहुंचकर शिकायत की। युवक ने बताया कि 100 से अधिक लोगों को इस प्रकार से फजी जन्म प्रमाण-पत्र दिए गए है।
वहीं, फर्जी प्रमाण-पत्र बनाने वालों ने नगर पालिका से जारी होने से जन्म प्रमाण-पत्र की कॉपी की है, लेकिन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की जगह जिला अस्पताल हापुड़ के नाम से प्रमाण-पत्र जारी हुआ। इन फर्जी प्रमाण-पत्र पर नाम, माता का नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि और पता दर्ज किया जा रहा है।इसमें आधार कार्ड का विकल्प छोड़ दिया जा रहा है। असली प्रमाण-पत्र को बनाते समय आधार कार्ड नंबर दर्ज किय जाता है, जिसका सत्यापन पोर्टल पर हो जा है। इसलिए शायद फर्जी प्रमाण-पत्र पर आधार कार्ड नंबर दर्ज नहीं किए गए हैं।
अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह- ने बताया की इसमें नगर पालिका की कोई गलती नहीं है। लिखित में शिकायत मिलने पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। नगर पालिकाओं को ही शहर में जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने का अधिकार है।