हापुड़। भीषण गर्मी और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 41 डिग्री तक पहुंच गया। इसके साथ ही एक्यूआई में भी बढ़ोतरी हुई है। दिन में कड़ी घूप और गर्म हवा लोगों को परेशान कर रही है। वहीं, धूल भरी हवा चलने के कारण एक्यूआई बढ़कर 266 तक पहुंच गया।
शहर में गर्मी और लू का कहर अपने चरम पर है। सूरज की किरणों ने मानों आग बरसा रही है। मौसम ने करवट क्या ली, आमजन की मुश्किलें बढ़ गईं। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि बुधवार के मुकाबले दो डिग्री अधिक रहा। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और घरों में भी राहत नहीं मिली। दिनभर लोगों को आंखों में जलन की समस्या का सामना करना पड़ा। वहीं अस्थमा और सांस रोगियों की भी परेशानी हुई।
डॉक्टरों ने धूप में निकलने से बचने, मास्क का उपयोग करने और पर्याप्त मात्रा में पानी पिने की सलाह दी है। दिन के समय 12 बजे से 4 बजे तक बाहर न निकलें। छाता, टोपी और धूप का चश्मा जरूर इस्तेमाल करें। घर से बाहर निकलते समय चेहरे को कपड़े या मास्क से ढंकें।
मौसम वैज्ञानिक डॉ अशोक कुमार का कहना है कि बुधवार रात धूल भरी हवा चलने के कारण एक्यूआई बढ़ने से जिले की हवा की सेहत बिगड़ गई। तेज हवा चलने के बाद एक्यूआई में गिरावट की उम्मीद है।