हापुड़ शहरवासियों से करीब 10 करोड़ रुपये का टैक्स वसूलने के बाद भी नगर पालिका के अधिकारी पथ प्रकाश की व्यवस्था उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। यह हाल पूरे शहर का है, लेकिन कुछ इलाकों में स्थिति बहुत अधिक खराब है।
नगर के मजीदपुरा, सैनीनगर, राजीव विहार और रफीकनगर वासियों में अधिकारियों की लापरवाही के प्रति रोष व्याप्त है। बुलंदशहर रोड के इन चारों मोहल्लों में करीब 23 हजार की आबादी रहती है। यह मोहल्ले पुराने शहर में भी गिना जाता है। यहां रहने वाले लोग सालों से नगर पालिका गृह, जल और सीवर कर देते हैं। इसलिए लोगों को उम्मीद रहती है कि उन्हें पालिका से मूलभूत सुविधाएं जरूर मिलेंगी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। खराब पथ प्रकाश व्यवस्था लोगों के लिए सिरदर्द बन चुका है।
खराब व्यवस्था को लेकर रविवार को मोहल्ला मजीदपुरा में इन चारों मोहल्लों में रहने वाले कुछ लोग एकत्र हुए। जिन्होंने पालिका के पथ प्रकाश विभाग की खराब कार्यप्रणाली पर रोष जताया। मौके पर मौजूद मनव्वर ताहिर ने कहा कि हजारों की आबादी के बाद भी मोहल्ले में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी। इन मोहल्लों में आवारा कुत्तों का आतंक भी बहुत अधिक है। यह कुत्ते लोगों को नुकसान पहुंचाते हैं।
दस करोड़ टैक्स वसूलने के बाद भी स्ट्रीट लाइटें बदहाल है। इसके चलते शाम ढलते ही सड़कों पर अंधेरा छा जाता है। यहां तक कि सड़क टूटी होने के कारण और अंधेरा रहने से दोपहिया वाहन चालक व पैदल चलने वाले तक चोटिल हो जाते हैं।
मोहम्मद साजिद कुरैशी ने कहा कि नगर पालिका में कई बार शिकायत करते हैं। तब जाकर सप्ताह बाद कोई कर्मचारी आता है। जबकि, लोगों से टैक्स समय से वसूलते हैं। इसलिए लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कार्यवाही होनी चाहिए।