हापुड़। भीषण गर्मी में बिजली की ट्रिपिंग से शहर और देहात के लोग परेशान हैं। नलकूपों के फीडर महज आठ घंटे चल रहे हैं, जबकि आवासीय क्षेत्रों में भी लगातार ट्रिपिंग हो रही है। बिजनेस प्लान के काम भी आपूर्ति में बाधा बन रहे हैं, वहीं, सोमवार को उपैड़ा बिजलीघर भी छह घंटे से अधिक समय तक बंद रहा। जिस कारण हजारों घरों की सप्लाई बाधित रही। बिजली कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला, तहसील, देहात और नलकूपों के फीडरों को अलग अलग घंटे सप्लाई देने के आदेश हैं। इसमें तहसील स्तर पर 22 घंटे, देहात को 18 घंटे और नलकूप फीडर को नौ घंटे सप्लाई दी जानी है। लेकिन ग्रामीण अंचल में लोग बिजली कटौती से लोग परेशान हैं।
रात को गांवों में पांच से सात बार कट लग रहा हैं, फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। सर्दियों में नलकूपों के फीडर दस घंटे तक चलाए जाते थे, उस समय पानी की ज्यादा जरूरत भी नहीं पड़ती थी। लेकिन अब जैसे ही गर्मियां शुरू हुई हैं, कंट्रोल से सप्लाई में एक घंटे की कटौती कर दी है।
लेकिन फीडरों को नौ के बजाए सिर्फ आठ घंटे ही चलाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि आठ घंटे में खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। फसलें तेज धूप में सूख रहीं हैं। सुबह साढ़े सात से साढ़े तीन घंटे ही सप्लाई मिल रही है। जबकि देहात अंचल में घरेलू सप्लाई भी पूरी नहीं मिल रही है।
ट्रिपिंग और कटौती से लोग बेहाल हैं। उपभोक्ताओं का अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं। यही हाल आवासीय क्षेत्रों में है, रात के समय निर्बाध सप्लाई देने के आदेश हैं लेकिन लगातार ट्रिपिंग से लोगों का बुरा हाल है।
भाकियू पूर्व जिलाध्यक्ष धनवीर शास्त्री- ने बताया की देहात में नलकूपों के फीडर सिर्फ आठ घंटे चलाए जा रहे हैं। इतनी बिजली से फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं, आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर धरना दिया जाएगा।